✨ एमपी बोर्ड कक्षा 9 से 12 के लिए संपूर्ण अध्ययन सामग्री ऑनलाइन टेस्ट एवं महत्वपूर्ण मार्गदर्शन का भरोसेमंद स्थान। ✨

19 अक्टूबर 2026

कक्षा 10 क्षितिज भाग 2 पाठ 5 नागार्जुन ( 'यह दंतुरित मुस्कान' और 'फसल' ) प्रश्न संख्या 1 से 4 तक प्रश्न और उनके उत्तर

                                        'यह दंतुरित मुस्कान'  

1. बच्चे की दंतुरित मुस्कान का कवि के मन पर क्या प्रभाव पड़ता है?
उत्तर: बच्चे की दंतुरित मुस्कान देखकर कवि का मन अत्यंत प्रसन्न हो उठता है। उन्हें लगता है कि इस मुस्कान में मृतक (निराश) में भी प्राण फूँकने की शक्ति है। कवि को ऐसा प्रतीत होता है मानो कमल के फूल तालाब छोड़कर उनकी झोंपड़ी में खिल गए हों और कठोर से कठोर मन भी पिघलकर पानी बन गया हो।

2. बच्चे की मुस्कान और एक बड़े व्यक्ति की मुस्कान में क्या अंतर है?
उत्तर: बच्चे और बड़े व्यक्ति की मुस्कान में निम्नलिखित अंतर हैं:
 निश्छलता और स्वाभाविकता: बच्चे की मुस्कान निष्पाप, निश्छल, स्वाभाविक और स्वार्थरहित होती है, जबकि बड़े व्यक्ति की मुस्कान प्रायः कूटनीतिक, स्वार्थपूर्ण या व्यावहारिक होती है।
 समानता: बच्चे की मुस्कान हर किसी के लिए एक समान होती है, जबकि बड़े व्यक्ति परिस्थितियों, व्यक्ति और अपने लाभ-हानि को देखकर मुस्कुराते हैं।

3. कवि ने बच्चे की मुस्कान के सौंदर्य को किन-किन बिंबों के माध्यम से व्यक्त किया है?
उत्तर: कवि नागार्जुन ने बच्चे की मुस्कान के सौंदर्य को प्रकट करने के लिए निम्नलिखित बिंबों का प्रयोग किया है:
 धूल-धूसरित शरीर का बिंब: "धूलि-धूसर तुम्हारे ये गात" – धूल से सने बच्चे का शरीर।
 कमल के फूल का बिंब: "छोड़कर तालाब मेरी झोंपड़ी में खिल रहे जलजात" – बच्चे की मुस्कान की तुलना तालाब में खिलने वाले कमल से की गई है।
 पाषाण पिघलने का बिंब: "पिघलकर जल बन गया होगा कठिन पाषाण" – बच्चे के स्पर्श से कठोर पत्थर का भी पानी बन जाना।
 शेफालिका के फूल झरने का बिंब: "झरने लग पड़े शेफालिका के फूल / बाँस था कि बबूल?" – नीरस और कठोर स्वभाव वाले मन से भी शेफालिका के कोमल फूलों का झड़ने लगना।

4. भाव स्पष्ट कीजिए—
(क) छोड़कर तालाब मेरी झोंपड़ी में खिल रहे जलजात।

 भाव: इस पंक्ति में कवि का भाव है कि धूल से सना हुआ बच्चा जब मुस्कुराता है, तो उसका सौंदर्य इतना   अद्भुत होता है मानो सुंदर कमल का फूल तालाब को छोड़कर कवि की निर्धन झोंपड़ी में खिल उठा हो।   अर्थात् बच्चे की मुस्कान झोंपड़ी के वातावरण को भी आनंदमय और सुंदर बना देती है।

(ख) छू गया तुमसे कि झरने लग पड़े शेफालिका के फूल
 बाँस था कि बबूल?
 भाव: इन पंक्तियों में कवि का भाव यह है कि बच्चे का स्पर्श इतना जादुई और कोमल होता है कि कठोर,   नीरस और शुष्क मन वाला व्यक्ति भी पिघल जाता है और उसके मन से शेफालिका के फूलों की भाँति प्रेम और आनंद की धारा बहने लगती है।

 

                                                'फसल'    

1. कवि के अनुसार फसल क्या है?
उत्तर: कवि के अनुसार फसल किसी एक व्यक्ति या वस्तु के अकेले प्रयास से पैदा नहीं होती। यह ढेर सारी नदियों के पानी का जादू, लाखों करोड़ों लोगों के हाथों के स्पर्श की गरिमा, भूमी की विभिन्न प्रकार की महिमा, सूरज की किरणों का रूपांतरण और हवा की थिरकन का सिमटा हुआ रूप है। संक्षेप में, फसल प्रकृति और मनुष्य के सम्मिलित श्रम का परिणाम है।

2. कविता में फसल उपजाने के लिए आवश्यक तत्वों की बात कही गई है। वे आवश्यक तत्व कौन-कौन से हैं?
उत्तर: कविता में फसल उपजाने के लिए निम्नलिखित आवश्यक तत्वों का उल्लेख किया गया है:
  नदियों का पानी: अनेकानेक नदियों की पानी का जादू।
  मिट्टी की गुणधर्म: विभिन्न प्रकार की और करोड़ों लोगों की भूमियों का उपजाऊपन।
  मानवीय श्रम: किसानों और मजदूरों के हाथों के स्पर्श की गरिमा और उनकी मेहनत।
  सूर्य की किरणें: सूरज की किरणों का ऊर्जावान रूपांतरण।
  हवा का प्रभाव: बहती हुई हवा की थिरकन।

3. फसल को 'हाथों के स्पर्श की गरिमा' और 'महिमा' कहकर कवि क्या व्यक्त करना चाहता है?
उत्तर: फसल को 'हाथों के स्पर्श की गरिमा' और 'महिमा' कहकर कवि यह व्यक्त करना चाहता है कि फसल के पकने में केवल प्रकृति (जल, वायु, धूप, मिट्टी) का ही योगदान नहीं होता, बल्कि इसके पीछे किसानों और मेहनतकश इंसानों का कठिन परिश्रम और उनका आत्मीय स्पर्श भी जुड़ा होता है। किसानों के पसीने और उनके हाथों के जादू के बिना फसल का उत्पन्न होना संभव नहीं है।

4. भाव स्पष्ट कीजिए—
(क) रूपांतर है सूरज की किरणों का
सिमटा हुआ संकोच है हवा की थिरकन का!

  भाव: इन पंक्तियों का भाव यह है कि पौधों और फसलों का विकास सीधे तौर पर सूर्य की धूप (ऊर्जा) के बिना संभव नहीं है; फसलें सूरज की किरणों को अपने भीतर समाकर उनका रूप बदल लेती हैं। इसके साथ ही, मंद-मंद बहने वाली हवा की गति और उसकी थिरकन भी फसल के पनपने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। 

 

 

 

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें