प्रश्न 1. सिंधु-सभ्यता साधन-संपन्न थी, पर उसमें भव्यता का आडंबर नहीं था। कैसे?
उत्तर: सिंधु सभ्यता के पास विशाल आकार की सड़कें, शानदार जल-निकासी व्यवस्था, बेहद व्यवस्थित घर और अनाज के विशाल भंडार थे, जिससे इसके साधन-संपन्न होने का पता चलता है। लेकिन यहाँ राजप्रासाद, बड़े-बड़े मंदिर, या सेना और राजशाही के प्रतीक-रूप में किसी भी तरह के भव्य महल, शिल्प या आडंबर (दिखावा) देखने को नहीं मिलते हैं। यह सभ्यता अपने आकार में संयत और सादगी-पूर्ण थी।
प्रश्न 2. 'सिंधु-सभ्यता की ख़ूबी उसका सौंदर्य-बोध है जो राज-पोषित या धर्म-पोषित न होकर समाज-पोषित था।' ऐसा क्यों कहा गया है? (Imp.)
उत्तर: ऐसा इसलिए कहा गया है क्योंकि इस सभ्यता के निर्माण में किसी राजा, शासक या धार्मिक संगठन का प्रभाव या शक्ति-प्रदर्शन नज़र नहीं आता। इसका सौंदर्य और इसकी व्यवस्था (जैसे नगर-नियोजन, मोहल्ले, और साफ़-सफ़ाई) समाज के आम लोगों द्वारा स्व पोषित और विकसित थी।
प्रश्न 3. पुरातत्त्व के किन चिह्नों के आधार पर आप यह कह सकते हैं कि—“सिंधु-सभ्यता ताकत से शासित होने की अपेक्षा समझ से अनुशासित सभ्यता थी।”
उत्तर: पुरातत्त्व के उन चिह्नों के आधार पर जहाँ किसी भी तरह के हथियार, सैनिक छावनी, बड़ा राजमहल या किसी शासक के शासन के कड़े प्रमाण नहीं मिलते, बल्कि एक जैसी ईंटों के आकार, सड़कों की समरसता, और घरों की नियम-बद्ध बनावट मिलती है। इन सब से यह स्पष्ट होता है कि यहाँ के लोग किसी डर या ताकत के ज़ोर पर नहीं, बल्कि आपस के सामाजिक अनुशासन और नियम-बोध से चलते थे।
प्रश्न 4. ‘यह सच है कि यहाँ किसी आँगन की टूटी-फूटी सीढ़ियाँ अब आपको कहीं नहीं ले जातीं; वे आकाश की तरफ़ अधूरी रह जाती हैं। लेकिन उन अधूरे पायदानों पर खड़े होकर अनुभव किया जा सकता है कि आप दुनिया की छत पर हैं, वहाँ से आप इतिहास को नहीं उसके पार झाँक रहे हैं।’ इस कथन के पीछे लेखक का क्या आशय है?
उत्तर: इस कथन के पीछे लेखक का आशय यह है कि मुअनजो-दड़ो के ये खंडहर केवल पुराने अवशेष मात्र नहीं हैं, बल्कि इन्हें देखकर हम अतीत की गहराई में उतर सकते हैं। वहाँ खड़े होकर हम केवल पुराने इतिहास को ही याद नहीं करते, बल्कि उस मानव सभ्यता की सोच और उसके जीवन-मूल्यों के साथ एक आत्मिक जुड़ाव महसूस करते हैं जो समय की सीमाओं से परे है।
प्रश्न 5. टूटे-फूटे खंडहर, सभ्यता और संस्कृति के इतिहास के साथ-साथ धड़कती जिंदगियों के अनछुए समयों का भी दस्तावेज़ होते हैं– इस कथन का भाव स्पष्ट कीजिए।
उत्तर: इस कथन का भाव यह है कि किसी भी पुराने नगर या खंडहर केवल ईंटों और पत्थरों के ढेर नहीं होते हैं। वे उस समय के लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी, उनके रहन-सहन, उनके दुख-सुख, उनके उत्सव और उनके आपसी स्पर्श की कहानियाँ बयां करते हैं। वहाँ रहने वाले आम इंसानों की धड़कनें और उनका व्यवहार उन टूटे-हुए अवशेषों में ज़िंदा रहता है।
प्रश्न 6. इस पाठ में एक ऐसे स्थान का वर्णन है जिसे बहुत कम लोगों ने देखा होगा, परंतु इससे आपके मन में उस नगर की एक तस्वीर बनती है। किसी ऐसे ऐतिहासिक स्थल, जिसको आपने नज़रदीक से देखा हो, का वर्णन अपने शब्दों में कीजिए।
उत्तर: (यह एक स्व-अनुभवात्मक प्रश्न है, आप अपने अनुभव के अनुसार इसे लिख सकते हैं)
जैसे कि मैंने अपने पास के एक पुराने ऐतिहासिक किले को नज़रदीक से देखा है, वहाँ की पत्थर की दीवारें और पुरानी कलाकृतियाँ उस दौर के शिल्पकारों की मेहनत और राजशाही के विशाल स्वरूप को बयां करती हैं। वहाँ के टूटे हुए बुर्ज और विशाल दरवाज़े उस समय की सुरक्षा प्रणाली और वास्तुकला की याद दिलाते हैं।
प्रश्न 7. नदी, कुएँ, स्नानागार और बेजोड़ निकासी व्यवस्था को देखते हुए लेखक पाठकों से प्रश्न पूछता है कि क्या हम सिंधु घाटी सभ्यता को जल-संस्कृति कह सकते हैं? आपका जवाब लेखक के पक्ष में है या विपक्ष में? तर्क दें।
उत्तर: हमारा जवाब लेखक के पक्ष में है।
तर्क: सिंधु घाटी सभ्यता में पानी के उचित प्रबंध के लिए हर घर में कुआँ, महाकुंड, और सड़कों के किनारे बनी ढकी हुई नालियों की जो अद्भुत और बेजोड़ व्यवस्था मिलती है, वह किसी अन्य प्राचीन सभ्यता में नहीं दिखती। इस सभ्यता का पूरा नगर-नियोजन जल के संयम और उसके सही उपयोग के आस-पास ही घूमता है, इसलिए इसे 'जल-संस्कृति' कहना बिल्कुल उचित है।
प्रश्न 8. सिंधु घाटी सभ्यता का कोई लिखित साक्ष्य नहीं मिला है। सिर्फ़ अवशेषों के आधार पर ही धारणा बनाई है। इस लेख में मुअनजो-दड़ो के बारे में जो धारणा व्यक्त की गई है, क्या आपके मन में इससे कोई भिन्न धारणा या भाव भी पैदा होता है? इन संभावनाओं पर कक्षा में समूह-चर्चा करें।
उत्तर: इस लेख में मुअनजो-दड़ो को एक सामाजिक समरसता, शांति-प्रिय, और सादगी-पूर्ण व्यवस्था वाले नगर के रूप में दर्शाया गया है। लेकिन इसके अलावा हमारे मन में यह भाव भी पैदा हो सकता है कि हो सकता है कि इस शांति के पीछे कोई कड़ा आंतरिक नियंत्रण या शासन रहा हो जिसके प्रमाण समय के साथ मिट गए हों। फिर भी, यहाँ की नगर-शैली और जल-निकासी की सफ़ाई इस बात की गवाह है कि यहाँ के नागरिक अनुशासन और नगर के प्रति बेहद जागरूक थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें