✨ एमपी बोर्ड कक्षा 9 से 12 के लिए संपूर्ण अध्ययन सामग्री ऑनलाइन टेस्ट एवं महत्वपूर्ण मार्गदर्शन का भरोसेमंद स्थान। ✨

09 अक्टूबर 2026

पाठ 4 'कैमरे में बंद अपाहिज' प्रश्न संख्या 1 से 5 तक के उत्तर

प्रश्न 1: कविता में कुछ पंक्तियाँ कोष्ठकों में रखी गई हैं—आपकी समझ से इसका क्या औचित्य है?
उत्तर: कविता में कोष्ठक में दी गई पंक्तियाँ दूरदर्शन के संचालकों की गुप्त मानसिकता, निर्देशों और आंतरिक सोच को दर्शाती हैं। इनका औचित्य निम्नलिखित है:
  ये पंक्तियाँ यह बताती हैं कि पर्दे के पीछे कार्यक्रम का संचालन किस प्रकार किया जा रहा है।
  यह दर्शकों और अपाहिज व्यक्ति के बीच के अंतर को स्पष्ट करती हैं कि संचालक अपाहिज से क्या करवाना    चाहता है।
  ये पंक्तियाँ मीडिया के व्यावसायिक रवैये और संवेदनहीनता को उजागर करती हैं।

प्रश्न 2: 'कैमरे में बंद अपाहिज' करुणा के मुखौटे में छिपी क्रूरता की कविता है—विचार कीजिए। उत्तर:यह कविता ऊपर से देखने पर सहानुभूति और करुणा से भरी लगती है, क्योंकि मीडिया एक अपाहिज व्यक्ति की पीड़ा को जनता के सामने लाने का नाटक करता है। परंतु वास्तव में उनका उद्देश्य केवल अपने कार्यक्रम की टी.आरपी. (TRP) बढ़ाना और व्यावसायिक लाभ कमाना होता है। वे अपाहिज व्यक्ति से बेतुके और दुख दुखाने वाले सवाल पूछते हैं ताकि वह रो पड़े और दर्शक भी भावुक हो जाएँ। अतः यह कविता करुणा के आवरण में छिपी हुई मीडिया की क्रूरता को दर्शाती है।

प्रश्न 3: 'हम समर्थ शक्तिवान और हम एक दुर्बल को लाएँगे' पंक्ति के माध्यम से कवि ने क्या व्यंग्य किया है?
उत्तर: इस पंक्ति के माध्यम से कवि ने मीडिया वालों की अहंकारी मानसिकता पर करारा व्यंग्य किया है:
 'हम समर्थ शक्तिवान': मीडिया स्वयं को बहुत शक्तिशाली, प्रभावशाली और सर्वशक्तिमान मानता है जो  किसी  को भी प्रसिद्ध या अप्रसिद्ध बना सकता है।
 'एक दुर्बल को लाएँगे': एक असहाय और शारीरिक रूप से कमजोर व्यक्ति को अपने स्वार्थ के लिए कटपुतली की तरह इस्तेमाल करना उनके अहंकार और शोषण की प्रवृत्ति को दिखाता है।

प्रश्न 4: यदि शारीरिक रूप से चुनौती का सामना कर रहे व्यक्ति और दर्शक, दोनों एक साथ रोने लगेंगे, तो उससे प्रश्नकर्ता का कौन-सा उद्देश्य पूरा होगा?
उत्तर: यदि अपाहिज व्यक्ति और दर्शक दोनों एक साथ रोने लगेंगे, तो प्रश्नकर्ता का कार्यक्रम को अत्यंत भावुक और सफल (हिट) बनाने का उद्देश्य पूरा होगा। मीडिया का मानना है कि जब तक दर्शक अपाहिज के दर्द से जुड़कर खुद नहीं रोयेंगे, तब तक उनका कार्यक्रम प्रभावशाली नहीं माना जाएगा। इससे उनका व्यावसायिक लाभ बढ़ेगा।

प्रश्न 5: 'पर्दे पर वक्त की कीमत है' कह कर कवि ने पूरे साक्षात्कार के प्रति अपना नज़रिया किस रूप में रखा है?                                                                                            उत्तर: कवि ने इस पंक्ति के ज़रिए मीडिया की व्यावसायिक संवेदनहीनता को उजागर किया है। मीडिया वालों के लिए किसी व्यक्ति की वास्तविक वेदना या भावनाएँ महत्वपूर्ण नहीं होतीं, बल्कि उनके लिए टीवी स्क्रीन का समय और पैसा (व्यावसायिक लाभ) ही सबसे महत्वपूर्ण होता है। जब अपाहिज व्यक्ति रोने में देरी करता है या उनकी इच्छानुसार प्रतिक्रिया नहीं दे पाता, तो वे समय का बहाना बनाकर साक्षात्कार खत्म कर देते हैं। इससे पता चलता है कि उनके लिए मानवीय संवेदनाओं से ऊपर केवल 'व्यापार' है।

 

 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें